Wednesday, June 14, 2017

तू नदी है और हैम तेरे किनारों की तरह

तू नदी है और हम तेरे किनारों की तरह
हैं फ़िदाई ख़्वाहिशें बेइख़्तियारों की तरह

तू अगर दिल में रहे शादाब ग़ुल की तर्ह तो
हम हिफ़ाजत में रहेंगे साथ ख़ारों की तरह

तू समंदर के लिए खोता है अपना ही वजूद
उस्तुवारी है हमारी चांद तारों की तरह

हम मोहब्बत की जड़ों को तर रखेंगे अश्क़ से
जो कर आँखों को हमारी आबदारों की तरह

हम जुनूने फ़त्ह में खाते रहे हैं ठोकरें
जिंदगी हमको मिली है संगजारो की तरह

सिर्फ उनको ठोकरों की अहमियत मालूम है
गिर के जो सम्हला किये हैं शहसवारों की तरह

बेमियादी ज़िन्दगी है बेमियादी मुश्किलें
दाइमी क्यूँ है उदासी ग़म के मारों की तरह

Wednesday, March 15, 2017

ये ज़हनी लाचारी कब तक

ये ज़हनी लाचारी कब तक
ख़ूद से ही अय्यारी कब तक

टू जी के जी फिर जीजा जी
घर में चोर बजरी कब तक

बीती रात झाड़ते बिस्तर
सोने की तैयारी कब तक

हमने दी आजादी कहकर
जनता से मक्कारी कब तक

जो धोखा देते हैं हमको
उनसे रिश्तेदारी कब तक

कंधे पर बैठाना जायज़
कानो में पिचकारी कब तक

दुनिया हमको मूरख समझे
ऐसी दुनियादारी कब तक

बूढ़े गुड्डे की शादी की
देश करे तैयारी कबतक

करने अभ्युत्थान धर्म का
आओगे गिरिधारी कब तक 

थक गया था तू बहुत फिर भी न हारा शुक्रिया

थक गया था तू बहुत फिर भी न हारा शुक्रिया
तेरी हिम्मत ने दिया मुझको सहारा शुक्रिया

पास मेरे कुछ नहीं था जो कि दे पाता तुझे
तेरी सुहबत में हुआ फिर भी गुजारा शुक्रिया

ख़्वाहिशें पूरी हमारी हो सकें इसके लिए
इक न इक तू तोड़ देता है सितारा शुक्रिया

हो गया दीदार तेरा नब्ज़ फिर चलने लगी
और तुझको कह रहा है जिस्म सारा शुक्रिया

हौसला बाक़ी है आ फिर से हमें बर्बाद कर
फ़ित्रतन तुझको कहेगा दिल हमारा शुक्रिया

मैं सरापा तेरे अहसानों को हूँ ओढ़े हुए
और रग रग में है इनका इस्तिआरा शुक्रिया

तेरे कुछ अल्फ़ाज़ अब भी हैं हमारे ज़हन में
आ रहे हैं वो समाअत में दुबारा शुक्रिया

गुम हुए अहबाब मुझको छोड़कर मझधार में
अज़्मे मौज़े वक़्त तुमने ही उबारा शुक्रिया

Monday, April 21, 2014

दर्द अगर खुद दवा नहीं होता

दर्द अगर खुद दवा नहीं होता 
जख्म कोई भरा नहीं होता 

तुम तसव्वुर में जब नहीं होते 
तब भी क्यूँ दूसरा नहीं होता 

ज़द पे जब हो नहीं कोई मंज़िल 
रास्ता रास्ता नहीं होता 

इसकी फितरत है सामने आना 
सच पसे आइना नहीं होता 

ज़र्द पत्ते हमें बताते हैं 
पेड़ हरदम हरा नहीं होता 

अश्क़ अफशां नहीं रहे होते 
घर किसी का बचा नहीं होता 

बच के चलता जो खुद-परस्ती से 
आदमी यूँ गिरा नहीं होता 

दर्द है ज़ख्म का रफ़ीक़ ऐसा 
जो कभी बेवफा नहीं होता 

मैं जर्रों की तरह हल्का नहीं हूँ

किसी की आँख में चुभता नहीं हूँ 
मैं जर्रों की तरह हल्का नहीं हूँ 

अभी हालात से बिखरा नहीं हूँ 
मगर सच ये भी है यकजा नहीं हूँ 

चमक मुझमे भी है खुर्शीद जैसी 
मगर मैं चाँद पर हँसता नहीं हूँ 

कोई देखे मेरे दिल में उतर कर 
समंदर हूँ मगर खारा नहीं हूँ 

फना होना है तेरे आरिजों पर 
मैं पलकों से यूँ ही गिरता नहीं हूँ 

अगर दुश्मन है तो तस्लीम कर ले 
की मैं दिल में तेरे रहता नहीं हूँ 

तुम्हारी चाह में खुद को मिटा दूँ 
समंदर! मैं कोई दरिया नहीं हूँ 

मौत का इंतज़ार क्या करना

मौत का इंतज़ार क्या करना 
ज़िंदगानी को ख्वार क्या करना 

क्यूँ लगाऊँ मैं तुहमतें तुझपर 
चाँद को दागदार क्या करना 

क़र्ज़ मुझपे हैं जब तेरे आँसू 
तेरी खुशियाँ उधार क्या करना 

सामने दागदार चेहरों के 
आइना बार बार क्या करना 

हर इबारत है खतकसीदा जब 
फिर अहम का शुमार क्या करना 

रूबरू मेरे तुम नहीं हो जब 
आँख पर ऐतिबार क्या करना 

जब जड़ें हैं ज़मीन में गहरे तक 
फिरते बर्गो बार क्या करना 

जो न खुद का भी हो सका उसपर 
ज़िंदगी को निसार क्या करना 

Wednesday, October 9, 2013

वो फिर से जुड़ेंगे ये इमकान है

वो फिर से जुड़ेंगे ये इमकान है
अभी टूटे रिश्तों में कुछ जान है 


अयाँ है अभी जो मेरी दस्तरस
वो तहरीर का सिर्फ उन्वान है

नहीं है कोई कारवाँ मेरे साथ
ये तनहा सफ़र का ही सामान है

तुम आँसू की उस बूँद को पोंछ दो
जो पलकों पे आ के पशेमान है

निसाबों से हट के पढ़ा कुछ नहीं
तभी ज़िंदगी में ये तूफ़ान है

समझते हैं कुछ नासमझ जाने क्यूँ 
खुदा से मेरी जान पहचान है

 मुझे ज़िंदगी ने ये समझा दिया
की दिल से भी ऊपर गिरीबान है

जुबां इक मगर कान दो हैं मिले
 
खुदा का निहां  इसमें फरमान है

भरोसा नहीं था जिसे खुद पे ही
वो मंजिल को पा के भी हैरान है

Monday, September 30, 2013

शरर बाकी है खुद को मत जला तूँ

शरर बाकी है खुद को मत जला तूँ 
हमारी राख को मत दे हवा तूँ 

तुझे पानी पे चलना सीखना है 
तो फिर आँखों से दरिया मत बहा तूँ 

सफीना सूए गिर्दाब इस लिए है
बना है खुद ही इसका नाखुदा तूँ 

तुझे खैरात में मिलती थीं साँसे 
मनाही हो गयी तो मर गया तूँ 

अगर दम है तो कत्ले मुंसिफी कर
दिल दे मौत की मुझको सज़ा तूँ 

मुनासिब जरह के दौरां यही है 
खता तस्लीम कर और मुस्करा तूँ 

शनासा भी बदल देते हैं रस्ता
मेरे माथे पे मुफलिस लिख गया तूँ 

हक़ीक़त में बहुत छोटी है दुनिया 
खला की बेकरानी मत दिखा तूँ 

परिंदे बुन रहे हैं जाल मिलकर 
शिकारी खैर अब अपनी मना तूँ

खड़ी है मुंसिफी आईन ले कर ले कर 
वो नबीना है, आँखें मत दिखा तू

Tuesday, September 24, 2013

निभा कर फ़र्ज़ सब, सुस्ता रहा हूँ

निभा कर फ़र्ज़ सब, सुस्ता रहा हूँ
ख़ुदा ! तेरे इशारे को रुका हूँ
 
वही पीछे पड़े हैं ले के पत्थर
मैं जिनकी फ़िक्र में  पागल हुआ हूँ
 
मेरे सीने पे रख कर पाँव बढ़ जा
तेरी  मंज़िल नहीं मैं रास्ता हूँ
 
मुझे अपनों ने क्यूँ ठुकरा दिया है
ये गैरों से लिपट कर पूंछता हूँ
 
मुझे मालूम है मेरी हक़ीक़त
निज़ामे ज़ीस्त का मैं आइना हूँ
 
किसी को भी रुला सकता हूँ पल में
बजाहिर  यूँ तो पत्थर हो गया हूँ

सबब दरिया है या उसकी रवानी
जो पत्थर हो के भी मैं बह चला हूँ
 
मेरी अब नब्ज़ भी चलती है डर के
उसे लगता है मैं उससे खफ़ा हूँ
 
धड़कना बंद कर दे ऐ मेरे दिल
सुकूं तुझको मिले, मैं भी थका हूँ

Saturday, September 14, 2013

मेरे दिल के सिवा रहना कहाँ आसान होगा

मेरे दिल के सिवा रहना कहाँ आसान होगा
इलाक़ा दूर बस्ती से अभी वीरान होगा

जले दिल का धुआँ छाया रहेगा जेहन पर जब
ख़ुशी पाने का फिर पूरा कहाँ अरमान होगा

अगर समझेगा अपने फ़र्ज़ को एहसान कोई
यक़ीनन सख्श वो अन्दर से बेईमान होगा

यक़ीं से सर झुका दे सामने पत्थर के भी जो
मकीं दिल में उसी इंसान के भगवान होगा

हमारी रूह जिस दिन जिस्म से लेगी बिदाई
वो मंजर देखकर रब भी बहुत हैरान होगा

रखा है क्या किसी ने हाथ दुखती रग पे तेरी
भले दुश्मन लगे वो साहिबे ईमान होगा

ज़हन्नुम और ज़न्नत हैं इसी दुनिया में क़ायम
मिलेंगे जब खुदा की ओर से फरमान होगा

Thursday, September 12, 2013

पहले तू उकसाया कर

पहले तू उकसाया कर 
फिर घर में छुप जाया कर 

जब मैं आऊँ पास तेरे 
थोडा सा शरमाया कर

उंगली अपने बालों में तू 
मुझसे फिरवाया कर

फिर कंधे पर सर रख कर 
मुझसे आँख चुराया कर

अपने मन की बातों को 
यूँ मुझको समझाया कर

जो आपास की बाते हैं 
सब को मत बतलाया कर

घर वाले भिन्नाते हैं 
तू जल्दी उठ जाया कर 

फिर जल्दी से करके स्नान 
पूजा घर में जाया कर

माँ को अच्छा लगता है 
जय जगदीश सुनाया कर 

बाबूजी के आगे तू 
घूंघट में ही जाया कर 

छुटका है शैतान बहुत 
बच कर आया जाया कर

दीदी खुन्नस खाती हैं 
तू थोडा झुक जाया कर

माँ को सासू मत कहना 
माँ ही उन्हें बुलाया कर 

घर में खुशियों के दीपक 
सुबहो शाम जलाया कर

Wednesday, September 11, 2013

माहो अख्तर आसमां घबरा गए हैं



आप जो जल्वे बिखेरे आ गए हैं
माहो अख्तर देखकर घबरा गए हैं 

खोजते हैं क्यूँ ये बशरीयत खला में
क्यूँ ज़मीं से आदमी उकता गए हैं 

नौजवानों को निज़ामत क्यूँ न दे दें 
जब सियासतदां सभी सठिया गए हैं

साफ़ दिख पाया नहीं चेहरा उन्ही का
जो मेरी आँखों को यूँ छलका गए हैं 

हो गए हैं चाँदनी और चाँद मुब्हम 
जब से उनके बीच बादल छा गए हैं 

टूटना इनका मुक़द्दर हो गया है 
खाब मेरे इस कदर टकरा गए हैं 

एक ज़र्रे की उन्हें क़ुव्वत पता है 
देखकर सहरा को जो गश खा गए हैं


Tuesday, September 10, 2013

वो सब्रो ज़ब्त की मीजां पे उनको को तोलता होगा

वो सब्रो ज़ब्त की मीजां पे उनको तोलता होगा 
खुदा दिल आशिक़ों का इसलिए ही तोड़ता होगा 

हमारी नेक सीरत को समझ बैठा तू कमज़ोरी 
तेरा दिल रूह की शह पर तुझे ही कोसता होगा

किये हैं संग कैसे चूर दरिया की रवानी ने 
समंदर साहिलों को चूमकर ये पूछता होगा 

मिली होगी रुआँसी मुफलिसी राहे शराफत पर 
तभी इंसान ऐसी राह से मुह फेरता होगा 

ज़मीं और चाँद लेते जा रहे हैं बारहा फेरे 
जले कब तक मुसलसल शम्स भी ये सोचता होगा 

दिलों के दरमियां सूदो ज़ियां की अहमियत क्या है 
यक़ीनन बेवफा फिर भी खसारा देखता होगा

बिछड़ना तो मुक़द्दर था सफ़र में नाशनास अपना 
मगर सबसे छुपाकर तू भी आंसू पोंछता होगा

हमारी बेबसी को देखकर जो मुस्कराता है

हमारी बेबसी को देखकर जो मुस्कराता है
उसी को देखकर बरबस कलेजा मुह को आता है

अभी ज़िंदा हूँ मैं तू याद कर ले खामियां मेरी
असर हर बद्दुआ का जीते जी ही रंग लाता है

मैं अपनी बदनसीबी की शिकायत क्यूँ करूँ तुमसे
मुक़द्दर कब किसी मुफलिस के भी हिस्से में आता है

ज़हां रौशन है जिसके ताब से आखिर वो सूरज भी
बुरा हो वक़्त तो पानी में गिरकर टूट जाता है

रहेगा खुश भला कैसे बिछड़कर कोई अपनों से
फलक से टूटकर तारा कहाँ फिर टिमटिमाता है

मुक़द्दर के वरक़ पर गलतियाँ तुमसे हुई होंगी
तुम्हारे पास मेरा भी खुदाया एक खाता है



Sunday, September 8, 2013

देखता जा आसमां अब तूं मेरी परवाज़ को

देखता जा आसमां अब तूं मेरी परवाज़ को 
याद रक्खेगा ज़माना मेरे इस आगाज़ को 

वक़्त की सब गर्द मैंने अपने तन से झाड़ दी 
सुर नए दूंगा मैं अपने हर पुराने साज़ को 

दोस्तों और दुश्मनों को खूब मैंने पढ़ लिया 
ये पढेंगे अब हमारे मुखतलिफ़ अंदाज़ को 

फ़र्ज़ मैं अपने निभा पाया न जाने किस तरह 
भूल पाऊँगा खुदा कैसे तेरे एजाज़ को

मैं नज़रंदाज़ करता ही रहा हर ख़म तेरे
कौन पोशीदा रखेगा यूँ किसी के राज़ को 

दिल धड़कने के सिवा अब और कुछ करता नहीं 
सुन लिया है जब से इसने रूह की आवाज़ को 

खलबली सी मच गयी है अब उकाबों में यहाँ 
जब परिंदों ने बनाया दोस्त तीरंदाज़ को

Friday, September 6, 2013

गला आबे समंदर से तो तर होता नहीं है

गला आबे समंदर से तो तर होता नहीं है 
मगर आंसू पिए बिन भी बसर होता नहीं है 

नहीं निभतीं हैं दुनियादारियाँ मुझसे खुदाया 
हर इक के सामने नीचा ये सर होता नहीं है 

समंदर बन के मैं कब तक रहूँ पलकें बिछाए 
मुक़द्दर में सभी के तो क़मर होता नहीं है 

यक़ीं करना हर इक के अश्क़ पर है नामुनासिब
निहां हर सीप में यकता गुहर होता नहीं है

खुदाई के लिए इंसानियत है शर्त पहली 
बिना रस्ते के तो पूरा सफ़र होता नहीं है 

मिली हैं जान देकर क़ब्र में नीदें सुकूं की 
खुदा क़ुर्बानियों से बेखबर होता नहीं है 

झलक दिख जाए तेरी तो मना लूं ज़श्न कुछ दिन 
हर इक दिन ईद का चाँद अर्श पर होता नहीं है

Tuesday, September 3, 2013

दिन है सारा सामने क्यूँ रात की बातें करें

दिन है सारा सामने क्यूँ रात की बातें करें 
सहन में आ बैठकर बरसात की बातें करें 

तितलियों के पंख के सब रंग भर लें ज़ेहन में 
फिर गुलों गुंचों के भी हालात की बातें करें 

सोचता है क्या ज़मीं की यूँ तबाही देखकर 
आसमां के मुख्तलिफ़ ज़ज़्बात की बातें करें

बिक रही है जब यहाँ इंसान की इंसानियत 
टूटते तारों से क्यूँ खैरात की बातें करें 

जिनकी शख्सीयत तसव्वुर में समा पाती नहीं 
माह, समंदर, साहिलों ज़र्रात की बातें करें 

मुह दिखाई में दिया क्या चाँदनी को चाँद ने 
सुब्ह को शब् से मिली सौगात की बातें करें 

जब लबों की थरथराहट पर हँसे थे अश्क़ भी 
आज कुछ ऐसे हसीं लम्हात की बातें करें

Friday, August 16, 2013

चाँद को अपना मुखड़ा दिखा दीजिये

चाँद को अपना मुखड़ा दिखा दीजिये 
उसको औकात उसकी बता दीजिये दीजिये 

ऐसी बादे-सबा और तिश्ना-लबी 
बढ़ न  जाए मरज कुछ दवा दीजिये 

रात भर के लिए ये सज़ा कम नहीं 
दिन ढले देखकर मुस्करा दीजिये 

ख्वाब में भी न देखें किसी और को 
मेरी आँखों को ये बद्दुआ दीजिये 

हाले-दिल आपका मैं समझ जाऊँगा 
सिर्फ नज़रें मिलाकर झुका दीजिये 

मेरे दिल ने गवाही सरे-आम दी 
फैसला जो भी हो अब सुना दीजिये 

बन तो जाऊं मैं दरिया मगर शर्त है 
आप खुद को समंदर बना दीजिये 

मैं तो कुर्बान होने को तैयार हूँ 
आप खुद को भी कुछ हौसला दीजिये

मौत पाकर तो आज़ाद हो जाऊंगा 
आप जीने की मुझको सज़ा दीजिये



ChaaNd ko apna mukhda dikha deejiye
Usko auqaat uski bataa deejiye 

aisi baade-saba aur tishna-labee
badh n jaaye maraj kuchh davaa deejiye 

raat bhar ke liye ye saza kam nahiN
din dhale dekh kar muskaraa deejiye

khwaab me bhee n dekheN kisee aur ko
meri aaNkhoN ko ye badduaa deejiye

haale-dil aapka maiN samajh jaaooNga
sirf nazreN milaa kar jhukaa deejiye 

mere dil ne gawaahi sare-aam dee
faisalaa jo bhi ho, ab suna deejiye

ban to jaaooN maiN dariya magar shart hai 
aap khud ko samandar bana deejiye 

maiN to qurbaan hone ko taiyaar hooN
aap khud ko bhee kuchh hausala deejiye

maut paakar to azaad ho jaaooNga
aap jeene ki mujhko saza deejiye
 

Wednesday, August 7, 2013

तू यक़ीनन हमसफ़र अच्छा लगा

तू यक़ीनन हमसफ़र अच्छा लगा 
मुस्कराता  चाँद पूनम का लगा 

नाशनास  अफराद की इस भीड़ में
तू न जाने क्यूँ मुझे अपना लगा 

ज़ज़्ब हैं रुख पर सुकूनो शादमानी 
यूँ तेरा चेहरा बहुत प्यारा लगा 

तेरी सोहबत में कटा है वक़्त यूँ 
रास्ता मुझको बहुत छोटा लगा 

खुश-नसीबी बाप माँ की सोचकर 
रश्क सा उनसे मुझे होता लगा 

तेरी  अज़्मत की बुलंदी देखकर
तू मुझे बेटी नहीं बेटा लगा

खिलखिलाती जब हँसी  तेरी सुनी 
तू मुझे बहता हुआ झरना लगा 

हम जब अपनी मंज़िलों पर आ गए 
भीड़ में भी  मैं बहुत तनहा लगा


तुम्हारे वास्ते रोना मुझे अच्छा लगे क्यूँ

तुम्हारे वास्ते रोना मुझे अच्छा लगे क्यूँ
तुम्हे खोना ज़ियादा की तवक्को सा लगे क्यूँ

यक़ीं मुझको तो है मैं पार कर जाऊंगा दरिया
तू ही जाने तुझे मेरा घडा कच्चा लगे क्यूँ

भले होती है तीखी धार बातों में तुम्हारी
मगर हर दर्द अब दिल को मेरे मीठा लगे क्यूँ

तेरी सीरत से होते हैं अयाँ किरदार कितने
मगर सूरत से तू अब भी मुझे बच्चा लगे क्यूँ

तक़ीया* है मगर वाज़िब सवाल आता है मन में
हर इक सिक्का मुझे अपना ही अब खोटा लगे क्यूँ

खुशी में साथ दिखती है रफीक़ों की ज़माअत
मगर वक़्ते मुसीबत तू मुझे तनहा लगे क्यूँ

तेरी आँखों से जब आँसू छलकते देखता हूँ
समंदर से निकलता सा कोई दरिया लगे क्यूँ

*वह बात जो सच हो पर कहने का मन न करे