Saturday, March 5, 2011

होली

लो आयी फिर होली ले कर रंगों की बौछार जोगीरा स र र र 
बुधुवा भी नाचेगा खा कर रोटी और अचार जोगीरा स र र र 

उसका छोटा बेटा मांगे पिचकारी का पैसा लेकिन दे कैसे 
उसकी महतारी को भी खुश करना है इस बार जोगीरा स र र र

बुढऊ दद्दा को आती है याद सभी पिछली होली, अपनी उसकी 
कैसे हो जाते थे उनके कपडे तारमतार जोगीरा स र र र

जीजाजी ऐंठे बैठे हैं साली से कुछ मनमुटाव सा लगता है 
मन की मन में रह जायेगी लगता है इस बार जोगीरा स र र र 

हम तो खुश है छुट्टी होगी तीन दिनन की जम के भंग छनेगी फिर 
ऐसा मौका मिल जाए तो कैसा सोच बिचार जोगीरा स र र र


गीली गीली रंग सनी जब निकले गोरी घर से अपने, होरी को 
मन पर दबी हुई इच्छाओं का होता अधिकार जोगीरा स र र र 

देवर तकता भौजाई की गीली सारी से चिपकी गीली अंगिया 
सोचे मन ही मन कब होगा उसका बेड़ा पार जोगीरा स र र र 

कोई हमको ताऊ कहता कोई अंकल चाचा, हम क्या बूढ़े हैं 
जांचे परखे बिन हम पर ये कैसा अत्याचार जोगीरा स र र र



Monday, February 28, 2011

२६-०२-११

जिंदगी घुट के चलानी हो गयी 
लाश अपनी ही जलानी हो गयी 

दिन हुआ फिर वक्त से लड़ने चले 
याद उनकी रातरानी हो गयी 

जो शुरू की थी सुनानी रात को 
खत्म जाने कब कहानी हो गयी 

"वो किसी से कम नहीं", ऐंठे रहे   
बस यही तो बदगुमानी हो गयी

भक्त भगवन से अलग होता नहीं 
इस लिए मीरा दिवानी हो गयी 

Wednesday, February 23, 2011

साहित्यिक अत्याचार


खुशियाँ दे कर मैं गम लूँ मुझको दुनिया लाचार कहे 
मेरा सुख क्या समझे नादां जो मुझ को बेजार कहे 
दुनिया को जो धोखा देते उनकी पूजा होती है 
हम कैसे इस बात को मानें कहने को संसार कहे

बिन सोचे समझे जो लिखते, बस तुकबंदी कर देते 
मुझ जैसा अदना उसको साहित्यिक अत्याचार कहे 

उसका सुख मेरा भी सुख है उसका दुःख मेरा दुःख है 
इक दूजे पर हम हों अर्पण मन का इक इक तार कहे 

बच्चे गर वो कर जाएँ जिसकी अभिलाषा मन में हो  
तो हर कोई खुश हो अपने सपने को साकार कहे 

Monday, February 21, 2011

आरजू

मेरी आरजू, ले दुश्मनी को साथ, मर जाऊँ
जो हैं आज दुश्मन, मैं उन्हें भी दोस्त कर, जाऊँ

'जालिम है ज़माना', सुन रहे हैं हम जमाने से
'हम से है ज़माना' इस कथन को सत्य कर जाऊँ

जिसको पूजते, हम पूजते, चाहे रहे नाखुश
कर के हर जतन, नाराजगी को दूर कर जाऊँ

छोटा हो बड़ा हो, दोस्ती में उम्र बेमतलब
पीढ़ी के लिए इस सत्य को उनवान कर कर जाऊँ

हम सहते रहे, हँसते रहे, बढते रहे आगे
इसको जान के ही वो सुधर जाएँ, मैं तर जाऊँ

जाना है तो जाऊँगा, खुशी से, मैं खुदा के घर
अपने बाप से मिलना है मुझको, क्यों मैं डर जाऊँ

पहलू में तुम्हारे ही कटे हैं दिन बुरे अच्छे
रुखसत हो रहा हूँ, आज क्यों मैं और दर जाऊँ

जो दुश्मन बना है आज था वो भी कभी अपना
उसने हैं किये एहसान, कैसे मैं मुकर जाऊँ

रोये या हँसे कोई, फर्क क्या 'शेष' को पड़ता
रोया जो कभी मेरे लिए, हँस दे तो घर जाऊँ



Friday, February 18, 2011

शकुनी की चौसर

लूँ बना रहबर, मुझे कोई मुनव्वर तो मिले 
डूब तो जाऊं मैं, गहरा कोई सागर तो मिले 

लग तो जायेगी किनारे कश्ती लहरों में फंसी 
दे उठा माफिक लहर तूफां-ए-सागर तो मिले 

कौन जीना चाहता मर मर के, टूटा दिल लिए 
चाक करदे जो जिगर वो तेज खंजर तो मिले 

अब महाभारत कभी होगी नहीं, कैसे कहूं 
द्रौपदी अब हो न हो, शकुनी की चौसर तो मिले 

हार हो या जीत इतना मायने रखता नहीं 
जो भिड़े हमसे उसे माकूल टक्कर तो मिले 

भाइयों की एकता में विष पड़ोसी घोलते 
जायेंगे वो भी सुधर 'तेली का तीसर' तो मिले 

आज आँखें भर गयीं ऐसा मुझे मंज़र दिखा 
हाँथ में थीं अस्थियाँ पर लोग हंसकर तो मिले