Thursday, September 12, 2013

पहले तू उकसाया कर

पहले तू उकसाया कर 
फिर घर में छुप जाया कर 

जब मैं आऊँ पास तेरे 
थोडा सा शरमाया कर

उंगली अपने बालों में तू 
मुझसे फिरवाया कर

फिर कंधे पर सर रख कर 
मुझसे आँख चुराया कर

अपने मन की बातों को 
यूँ मुझको समझाया कर

जो आपास की बाते हैं 
सब को मत बतलाया कर

घर वाले भिन्नाते हैं 
तू जल्दी उठ जाया कर 

फिर जल्दी से करके स्नान 
पूजा घर में जाया कर

माँ को अच्छा लगता है 
जय जगदीश सुनाया कर 

बाबूजी के आगे तू 
घूंघट में ही जाया कर 

छुटका है शैतान बहुत 
बच कर आया जाया कर

दीदी खुन्नस खाती हैं 
तू थोडा झुक जाया कर

माँ को सासू मत कहना 
माँ ही उन्हें बुलाया कर 

घर में खुशियों के दीपक 
सुबहो शाम जलाया कर

Wednesday, September 11, 2013

माहो अख्तर आसमां घबरा गए हैं



आप जो जल्वे बिखेरे आ गए हैं
माहो अख्तर देखकर घबरा गए हैं 

खोजते हैं क्यूँ ये बशरीयत खला में
क्यूँ ज़मीं से आदमी उकता गए हैं 

नौजवानों को निज़ामत क्यूँ न दे दें 
जब सियासतदां सभी सठिया गए हैं

साफ़ दिख पाया नहीं चेहरा उन्ही का
जो मेरी आँखों को यूँ छलका गए हैं 

हो गए हैं चाँदनी और चाँद मुब्हम 
जब से उनके बीच बादल छा गए हैं 

टूटना इनका मुक़द्दर हो गया है 
खाब मेरे इस कदर टकरा गए हैं 

एक ज़र्रे की उन्हें क़ुव्वत पता है 
देखकर सहरा को जो गश खा गए हैं


Tuesday, September 10, 2013

वो सब्रो ज़ब्त की मीजां पे उनको को तोलता होगा

वो सब्रो ज़ब्त की मीजां पे उनको तोलता होगा 
खुदा दिल आशिक़ों का इसलिए ही तोड़ता होगा 

हमारी नेक सीरत को समझ बैठा तू कमज़ोरी 
तेरा दिल रूह की शह पर तुझे ही कोसता होगा

किये हैं संग कैसे चूर दरिया की रवानी ने 
समंदर साहिलों को चूमकर ये पूछता होगा 

मिली होगी रुआँसी मुफलिसी राहे शराफत पर 
तभी इंसान ऐसी राह से मुह फेरता होगा 

ज़मीं और चाँद लेते जा रहे हैं बारहा फेरे 
जले कब तक मुसलसल शम्स भी ये सोचता होगा 

दिलों के दरमियां सूदो ज़ियां की अहमियत क्या है 
यक़ीनन बेवफा फिर भी खसारा देखता होगा

बिछड़ना तो मुक़द्दर था सफ़र में नाशनास अपना 
मगर सबसे छुपाकर तू भी आंसू पोंछता होगा

हमारी बेबसी को देखकर जो मुस्कराता है

हमारी बेबसी को देखकर जो मुस्कराता है
उसी को देखकर बरबस कलेजा मुह को आता है

अभी ज़िंदा हूँ मैं तू याद कर ले खामियां मेरी
असर हर बद्दुआ का जीते जी ही रंग लाता है

मैं अपनी बदनसीबी की शिकायत क्यूँ करूँ तुमसे
मुक़द्दर कब किसी मुफलिस के भी हिस्से में आता है

ज़हां रौशन है जिसके ताब से आखिर वो सूरज भी
बुरा हो वक़्त तो पानी में गिरकर टूट जाता है

रहेगा खुश भला कैसे बिछड़कर कोई अपनों से
फलक से टूटकर तारा कहाँ फिर टिमटिमाता है

मुक़द्दर के वरक़ पर गलतियाँ तुमसे हुई होंगी
तुम्हारे पास मेरा भी खुदाया एक खाता है



Sunday, September 8, 2013

देखता जा आसमां अब तूं मेरी परवाज़ को

देखता जा आसमां अब तूं मेरी परवाज़ को 
याद रक्खेगा ज़माना मेरे इस आगाज़ को 

वक़्त की सब गर्द मैंने अपने तन से झाड़ दी 
सुर नए दूंगा मैं अपने हर पुराने साज़ को 

दोस्तों और दुश्मनों को खूब मैंने पढ़ लिया 
ये पढेंगे अब हमारे मुखतलिफ़ अंदाज़ को 

फ़र्ज़ मैं अपने निभा पाया न जाने किस तरह 
भूल पाऊँगा खुदा कैसे तेरे एजाज़ को

मैं नज़रंदाज़ करता ही रहा हर ख़म तेरे
कौन पोशीदा रखेगा यूँ किसी के राज़ को 

दिल धड़कने के सिवा अब और कुछ करता नहीं 
सुन लिया है जब से इसने रूह की आवाज़ को 

खलबली सी मच गयी है अब उकाबों में यहाँ 
जब परिंदों ने बनाया दोस्त तीरंदाज़ को