Monday, April 21, 2014

मौत का इंतज़ार क्या करना

मौत का इंतज़ार क्या करना 
ज़िंदगानी को ख्वार क्या करना 

क्यूँ लगाऊँ मैं तुहमतें तुझपर 
चाँद को दागदार क्या करना 

क़र्ज़ मुझपे हैं जब तेरे आँसू 
तेरी खुशियाँ उधार क्या करना 

सामने दागदार चेहरों के 
आइना बार बार क्या करना 

हर इबारत है खतकसीदा जब 
फिर अहम का शुमार क्या करना 

रूबरू मेरे तुम नहीं हो जब 
आँख पर ऐतिबार क्या करना 

जब जड़ें हैं ज़मीन में गहरे तक 
फिरते बर्गो बार क्या करना 

जो न खुद का भी हो सका उसपर 
ज़िंदगी को निसार क्या करना 

Wednesday, October 9, 2013

वो फिर से जुड़ेंगे ये इमकान है

वो फिर से जुड़ेंगे ये इमकान है
अभी टूटे रिश्तों में कुछ जान है 


अयाँ है अभी जो मेरी दस्तरस
वो तहरीर का सिर्फ उन्वान है

नहीं है कोई कारवाँ मेरे साथ
ये तनहा सफ़र का ही सामान है

तुम आँसू की उस बूँद को पोंछ दो
जो पलकों पे आ के पशेमान है

निसाबों से हट के पढ़ा कुछ नहीं
तभी ज़िंदगी में ये तूफ़ान है

समझते हैं कुछ नासमझ जाने क्यूँ 
खुदा से मेरी जान पहचान है

 मुझे ज़िंदगी ने ये समझा दिया
की दिल से भी ऊपर गिरीबान है

जुबां इक मगर कान दो हैं मिले
 
खुदा का निहां  इसमें फरमान है

भरोसा नहीं था जिसे खुद पे ही
वो मंजिल को पा के भी हैरान है

Monday, September 30, 2013

शरर बाकी है खुद को मत जला तूँ

शरर बाकी है खुद को मत जला तूँ 
हमारी राख को मत दे हवा तूँ 

तुझे पानी पे चलना सीखना है 
तो फिर आँखों से दरिया मत बहा तूँ 

सफीना सूए गिर्दाब इस लिए है
बना है खुद ही इसका नाखुदा तूँ 

तुझे खैरात में मिलती थीं साँसे 
मनाही हो गयी तो मर गया तूँ 

अगर दम है तो कत्ले मुंसिफी कर
दिल दे मौत की मुझको सज़ा तूँ 

मुनासिब जरह के दौरां यही है 
खता तस्लीम कर और मुस्करा तूँ 

शनासा भी बदल देते हैं रस्ता
मेरे माथे पे मुफलिस लिख गया तूँ 

हक़ीक़त में बहुत छोटी है दुनिया 
खला की बेकरानी मत दिखा तूँ 

परिंदे बुन रहे हैं जाल मिलकर 
शिकारी खैर अब अपनी मना तूँ

खड़ी है मुंसिफी आईन ले कर ले कर 
वो नबीना है, आँखें मत दिखा तू

Tuesday, September 24, 2013

निभा कर फ़र्ज़ सब, सुस्ता रहा हूँ

निभा कर फ़र्ज़ सब, सुस्ता रहा हूँ
ख़ुदा ! तेरे इशारे को रुका हूँ
 
वही पीछे पड़े हैं ले के पत्थर
मैं जिनकी फ़िक्र में  पागल हुआ हूँ
 
मेरे सीने पे रख कर पाँव बढ़ जा
तेरी  मंज़िल नहीं मैं रास्ता हूँ
 
मुझे अपनों ने क्यूँ ठुकरा दिया है
ये गैरों से लिपट कर पूंछता हूँ
 
मुझे मालूम है मेरी हक़ीक़त
निज़ामे ज़ीस्त का मैं आइना हूँ
 
किसी को भी रुला सकता हूँ पल में
बजाहिर  यूँ तो पत्थर हो गया हूँ

सबब दरिया है या उसकी रवानी
जो पत्थर हो के भी मैं बह चला हूँ
 
मेरी अब नब्ज़ भी चलती है डर के
उसे लगता है मैं उससे खफ़ा हूँ
 
धड़कना बंद कर दे ऐ मेरे दिल
सुकूं तुझको मिले, मैं भी थका हूँ

Saturday, September 14, 2013

मेरे दिल के सिवा रहना कहाँ आसान होगा

मेरे दिल के सिवा रहना कहाँ आसान होगा
इलाक़ा दूर बस्ती से अभी वीरान होगा

जले दिल का धुआँ छाया रहेगा जेहन पर जब
ख़ुशी पाने का फिर पूरा कहाँ अरमान होगा

अगर समझेगा अपने फ़र्ज़ को एहसान कोई
यक़ीनन सख्श वो अन्दर से बेईमान होगा

यक़ीं से सर झुका दे सामने पत्थर के भी जो
मकीं दिल में उसी इंसान के भगवान होगा

हमारी रूह जिस दिन जिस्म से लेगी बिदाई
वो मंजर देखकर रब भी बहुत हैरान होगा

रखा है क्या किसी ने हाथ दुखती रग पे तेरी
भले दुश्मन लगे वो साहिबे ईमान होगा

ज़हन्नुम और ज़न्नत हैं इसी दुनिया में क़ायम
मिलेंगे जब खुदा की ओर से फरमान होगा