Friday, May 6, 2011

है अँधेरा एक दीपक तो जलाना चाहिए

है अँधेरा एक दीपक तो जलाना चाहिए 
जो भटकते हैं उन्हें रस्ता दिखाना चाहिए 

है जिन्हें एहसासे जिम्मेदारी करते हैं जतन 
काहिलों को तो फ़क़त कोई बहाना चाहिए 

सोचिये मंज़र कि जब पानी नहीं होगा नसीब
पीढ़ियों के वास्ते इसको बचाना चाहिए 

जो कहे, इक बूँद पानी की नहीं होती अहम
ऐसे नादां को समंदर से मिलाना चाहिए  

आज भी गर ठान लो दुनिया सराहेगी तुम्हे 
रास्ता तुमने दिखाया, फिर दिखाना चाहिए

जल नहीं जीवन बहाती हैं ये ढीली टोंटियाँ
खुद इन्हें कैसे सुधारें हम, ये आना चाहिए

जल न बन जाए कहीं कारण महासंग्राम का
कल को इस संभावना से तो बचाना चाहिए 

Wednesday, May 4, 2011

आवाज़ दो

भले एक पल के लिए, मान कर दो   
है मौका हसीं, आओ एहसान कर दो 

अकेले कटी ज़िंदगी, जो थी मुश्किल
मेरी मौत को आ कर आसान कर दो

मेरे दिल में आबाद हैं तेरी यादें
भले मेरी दुनिया को सुनसान कर दो

अकेले जिया बेझिझक सब सहा है
अकेले मरूं न ये सामान कर दो

तू चाहे मुझे, उम्र भर था तरसता
मरूं खुश जो चाहत का पल दान कर दो 

Sunday, May 1, 2011

चाँद का पहरा


अगर रातों पे हमदम चाँद का पहरा नहीं होता 
हमारा ज़ख्मे दिल भी इस क़दर गहरा नहीं होता


नहीं मिलतीं अगर सागर से बलखाती हुई नदियाँ 
समंदर अब तलक अपनी जगह ठहरा नहीं होता 


भले धोखा सही लेकिन झलक पानी की दिखती है 
कोई राही वगरना दाखिले सहरा नहीं होता 


नहीं दिखता मगर बेटे को को मां पहचान लेती है 
नज़र में उसकी उस जैसा कोई चेहरा नहीं होता 


सदाएं शोर सी गर गूंजती होतीं नहीं हर सू 
खुदाया! जानता हूँ, तू कभी बहरा नहीं होता

Friday, April 29, 2011

गर्म है लोहा, हथौड़ा मार दो

हाँथ जोड़ आयेंगे फिर, फटकार दो
गर्म है लोहा, हथौड़ा मार दो

क्यों संपेरा फिर बनाएँ सांप को
घर पिटारे का इन्हें उपहार दो

तंग है जनता गरीबी भूख से
प्याज रोटी का उसे सत्कार दो

आँख मछली की नहीं दिखती जिन्हें
तीर क्यों उनको ही बारम्बार दो

ले लुआठी वोट की मत घर जला
मान्यवर को आख़िरी संस्कार दो

याद मुझको भी पहाडा तीन तक
मेरे हिस्से में भी भ्रष्टाचार दो

अब बुजुर्गों, हाँथ जब चलता नहीं
नौजवां को देश की पतवार दो

मैं हूँ वेटर से प्रमोटेड कैशियर
देश की पूंजी मुझी पर वार दो